सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

युवक को रॉन्ग साइड से आए बदमाशों ने पीटा,सिर में मारी लाठी

इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप गुलाब बाग के पास रॉन्ग साइड से आए अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के साथ बेवजह गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 9:30 बजे की है। फरियादी राकेश पिता सुदामा सवनेर निवासी निपानिया बंगाली चौराहे से अपने घर निपानिया की ओर जा रहा था।

जैसे ही वह गुलाब बाग स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से रॉन्ग साइड से आ रहे कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगे। ? जब राकेश ने गाली देने से मना किया, तो उग्र हुए आरोपियों ने उस पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में फरियादी के सिर में गहरी चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया। मारपीट के बाद आरोपी भागने लगे और जाते-जाते पीड़ित को धमकी दी कि 'आइंदा कभी रास्ते में मिले तो जान से खत्म कर देंगे।' लसूडिया थाना पुलिस ने फरियादी राकेश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।