बैंक में नौकरी का झांसा देकर युवती से 87 हजार की साइबर ठगी
फर्जी रोजगार पोर्टल से बिछाया जाल
इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने एक युवती को बैंक में नौकरी दिलवाने का चकमा देकर 87 हजार रुपये की चपत लगा दी। शातिर ठगों ने खुद को फर्जी रोजगार एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर पीड़िता को अपने जाल में फंसाया और खाते से पैसे ऐंठने के बाद अपने फोन बंद कर लिए।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मल्हारगंज पुलिस के अनुसार, फरियादी सानिया गुप्ता ने बीते 11 अगस्त को भारतीय रोजगार संस्था नाम की वेबसाइट पर बैंक की नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद उसके पास एक महिला का फोन आया, जिसने पोस्ट ऑफिस, रेलवे और बैंक में जगह खाली होने की बात कहते हुए डिटेल वेरिफाई की।
इसके बाद आरोपी महिला ने वरिष्ठ अधिकारी से बात कराने का झांसा दिया। दो दिन बाद एक अन्य आरोपी ने सानिया को कॉल किया और खुद को उसी संस्था का सीनियर अफसर बताते हुए भर्ती की प्रक्रिया समझाना शुरू किया। 17 अगस्त को आरोपियों ने युवती के व्हाट्सएप पर अलग-अलग क्यूआर कोड भेजे और प्रोसेसिंग फीस व अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर लगभग 18 हजार रुपये जमा करा लिए।
इसी तरह झांसे में लेकर ठगों ने कुल 87 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़िता को गड़बड़ी का अहसास हुआ और उसने पूछताछ की, तो आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए। मल्हारगंज पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और साइबर डेस्क की मदद से आरोपियों के नंबरों व बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है।
