सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

कोलंबो टेस्ट से पहले श्रीलंका की टीम में दो नए खिलाड़ियों का प्रवेश

कोलंबो। भारत के खिलाफ कोलंबो में 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले श्रीलंका की टीम में दो खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। अनुभवी बल्लेबाज कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वहीं, सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका के खेलने पर भी संशय बना हुआ है।

इसी वजह से टीम में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज कमिल मिशारा और ऑलराउंडर सहान अराच्चिगे को टीम में शामिल किया है। 23 अगस्त से कोलंबो में टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। दाएं हाथ के बल्लेबाज कमिल मिशारा के साथ ही सहान अराच्चिगे का टेस्ट डेब्यू अभी तक नहीं हुआ है।

दोनों ने वनडे के साथ टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। कमिल ने 49 फर्स्ट क्लास मैचों में करीब 47 की औसत से 3521 रन बनाए हैं। इसमें 9 शतक भी शामिल हैं। वहीं 30 साल के सहान के नाम 85 फर्स्ट क्लास मैचों में 4365 रन के साथ 63 विकेट है।

अराच्चिगे इंडिया ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज में श्रीलंका ए के कप्तान थे। उन्होंने दूसरे मैच में शतकीय पारी भी खेली थी। गाले में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया था। मैच के बाद श्रीलंका के हेड कोच गैरी कर्स्टन ने जानकारी दी थी कि कुसल मेंडिस हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट से जूझ रहे हैं और कुछ समय तक टीम से बाहर रहेंगे।

मेंडिस को यह चोट लंका प्रीमियर लीग के दौरान लगी थी। उनकी जगह टीम में अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को शामिल किया गया था।