बुजुर्ग को रास्ते में रोककर दी गालियां, विरोध करने पर बेल्ट और घूंसे मारे
इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रेजर ड्रीम्स रोड पर एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट और बेल्ट से हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बुजुर्ग को गालियां दीं और जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उन्हें हाथ-घूंसे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके सिर और आंखों पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित के बेटे की शिकायत पर राऊ थाना पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सत्यमित्र राजलक्ष्मी नेचर अपार्टमेंट राऊ निवासी फरियादी कुंदन पिता गोपीकिशन वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि उनके 71 वर्षीय वृद्ध पिता गोपीकिशन वर्मा ट्रेजर ड्रीम्स रोड से गुजर रहे थे।
इसी दौरान आरोपी पारस और उसके अन्य साथियों ने उन्हें रास्ते में रोककर गालियां देना शुरू कर दिया। जब बुजुर्ग गोपीकिशन वर्मा ने आरोपी पारस और उसके साथियों को अभद्रता और गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी उग्र हो गए। आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ हाथ-घूंसे और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
अचानक हुए इस हमले में बुजुर्ग गोपीकिशन की दोनों आंखों, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
