सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

एमडी ड्रग्स तस्करी में लंबे समय से फरार शातिर बदमाश गिरफ्तार

16 से अधिक केस दर्ज, ई- रिक्शा चलाकर छुपाता था धंधा

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में काफी समय से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश जुनैद उर्फ जुन्नु को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, अड़ीबाजी और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर प्रकृति के 16 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि थाना क्राइम ब्रांच में दर्ज अपराध के तहत पूर्व में आरोपी सलीम रहमान निवासी जूनी इंदौर को पकड़ा गया था। उस समय सलीम के कब्जे से 20.84 अवैध एमडी ड्रग्स कीमत करीब 2 लाख रुपये और एक एक्सेस स्कूटी एमपी 09 डीजे 9777 जब्त की गई थी। इस मामले की विवेचना के दौरान सदर बाजार निवासी जुनैद उर्फ जुन्नु की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था।

क्राइम ब्रांच टीम को मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी की सटीक लोकेशन मिली, जिसके आधार पर टीम ने घेराबंदी कर जुनैद को दबोच लिया। आरोपी केवल 9वीं तक पढ़ा है और अपनी पहचान व अवैध गतिविधियों को छिपाने के लिए किराये का ई-रिक्शा चलाता था। क्राइम ब्रांच अब आरोपी से नशे के नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस धंधे में शामिल अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

साल 2026 में अब तक 3.15 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त-इंदौर क्राइम

ब्रांच द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 57 प्रकरणों में 122 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 15 लाख 18 हजार रुपये मूल्य की 2.55 किलो एमडी ड्रग्स, 28.3 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 268.5 ग्राम ब्राउन शुगर व 10 ग्राम कोकीन सहित कई वाहन जब्त किए हैं।