सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

एयरपोर्ट पर नौकरी का झांसा देकर 11 लाग् झगे

ब्लू मून एविएशन अकादमी संचालक पर केस दर्ज

भंवरकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत टावर चौराहा स्थित एक एविएशन अकादमी के संचालक द्वारा युवाओं को एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी संचालक ने तीन युवाओं से कुल 11 लाख रुपये ऐंठ लिए और फिर जॉइनिंग के नाम पर गुमराह करता रहा। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हुई जनसुनवाई में शिकायत के बाद भंवरकुआं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कटनी निवासी फरियादी सौरभ ठाकुर हाल मुकाम भोलाराम उस्ताद मार्ग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि फरवरी 2025 में वह टावर चौराहा स्थित श्री हरिगोपाल कॉम्प्लेक्स के ऑफिस नंबर 102 में संचालित ब्लू मून एविएशन अकादमी गया था। वहां उसकी मुलाकात अकादमी संचालक अमित कुमार सिन्हा से हुई।

अमित ने उसे एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ कोर्स व ट्रेनिंग कराने का झांसा देकर दिल्ली और मुंबई भेजने के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से किस्तों में 5 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रुपये हड़पने के बाद जब आरोपी जॉइनिंग कराने में टालमटोल करने लगा, तब पीड़ित शिकायत लेकर अकादमी के दफ्तर पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात राज जोशी से हुई, जिससे खुलासा हुआ कि आरोपी अमित सिन्हा ने उसकी मंगेतर तनुश्री मेहरा से 3 लाख रुपये और उनकी दोस्त साक्षी निकालजे से भी 3 लाख रुपये नौकरी के नाम पर ऐंठ लिए हैं।

पीड़ितों ने जब आपस में बात की तो कुल 11 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ। जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के आधार पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने आरोपी अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।