सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

चीन से ड्रॉ खेला, भारतीय महिला टीम का उम्दा प्रदर्शन

नीदरलैंड्स। एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले गए महिला हॉकी वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट चीन के खिलाफ 2-2 से रोमांचक ड्रॉ खेला। मैच में पसंदीदा मानी जा रही चीनी टीम के खिलाफ भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक और आत्मविश्वास से भरा खेल दिखाया।

मैच के 8वें मिनट में ही नेहा के बेहतरीन पास पर नवनीत कौर ने शानदार फिनिश करते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, चीन ने जल्द ही पलटवार किया और शिल्पी डबास के फाउल के बाद मिले पेनल्टी स्ट्रोक को झांग यिंग ने गोल में तब्दील कर स्कोर 1- 1 से बराबर कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा और 25वें मिनट में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका के शॉट ने चीनी खिलाड़ी से डिफ्लेक्ट होकर गोलपोस्ट का रास्ता नापा, जिससे भारत एक बार फिर 2-1 से आगे हो गया। हाफ टाइम के बाद चीनी कोच एलिसन अन्नान की रणनीतियों के दम पर चीन ने आक्रामक वापसी की। 39वें मिनट में चीन को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मा निंग ने एक जबरदस्त ड्रैगफ्लिक के जरिए गोल दागकर मैच को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया।

दूसरे हाफ में चीनी टीम के बढ़ते दबाव के बावजूद भारतीय रक्षापंक्ति ने बेहद अनुशासन और मजबूती का परिचय दिया। मैच के दौरान भारत को लालरेमसियामी के जरिए दो बेहतरीन मौके भी मिले, लेकिन वह इन्हें गोल में तब्दील करने से चूक गईं। अंतिम क्वार्टर में चीनी फॉरवर्ड्स ने बढ़त बनाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने कोई और गलती न करते हुए चीन के हमलों को नाकाम कर दिया और टीम के लिए 1 महत्वपूर्ण अंक सुरक्षित कर लिया।

इस ड्रॉ के बाद पूल-डी की अंक तालिका में इंग्लैंड की टीम शीर्ष पर काबिज है, जिसने रविवार को खेले गए अपने मुकाबले में साउथ अप्रीका को 4-0 से करारी शिकस्त दी थी। नियमानुसार प्रत्येक ग्रुप से केवल टॉप दो टीमें ही टूर्नामेंट के दूसरे दौर के लिए क्वालीफाई करेंगी, इसलिए भारत के लिए आने वाले मुकाबले बेहद अहम हैं। भारतीय टीम का अगला मुकाबला मंगलवार को साउथ अप्रीका के खिलाफ होगा, जहाँ टीम पूरे 3 अंक हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।