सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

आज भी हुई बारिश तो ड्रॉ हो सकता है मैच

ऐसा हुआ तो भारत के डब्ल्यूटीसी फाइनल की उम्मीदों को कितना बड़ा झटका

गाले। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ गाले में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेल रही है। मैच में पहले दो दिन बारिश ने काफी परेशान किया। पहले दिन 73 ओवर का ही खेल हो पाया। दूसरे दिन स्थिति और भी ज्यादा खराब थी। दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर पहली गेंद फेंकी जा सकी। दिन में कुल 43 ओवर ही फेंक गए। दो दिन में बारिश की वजह से 64 ओवर का खेल बर्बाद हो चुका है।

टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले ही भविष्यवाणी की गई थी कि गाले में सभी 5 दिन बारिश की संभावना है। आज मैच का तीसरा दिन है और आज भी बारिश आ सकती है। हालांकि दूसरे दिन जैसी खराब स्थिति होने की संभावना काफी कम है। एक्यूवेदरके अनुसार दोपहर दो बजे बारिश की सबसे ज्यादा 52 प्रतिशत संभावना है। वहीं सुबह 9 बजे और 10 बजे 51 प्रतिशत चांस हैं कि बारिश हो सकती है।

दूसरे दिन टीम इंडिया के 7 विकेट गिरे—

गाले टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजों का पलड़ा भारी रहा। भारतीय टीम ने दो विकेट पर 288 रन बना दिए थे। लेकिन मैच के दूसरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 7 विकेट ले लिए। दूसरी नई गेंद आने के बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ। 303 के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा था। दूसरे दिन स्टंप के समय टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 460 रन बना लिए थे।

टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए हर मैच अहम

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया 5वें नंबर पर है। 9 मैचों में टीम के 48.15 प्रतिशत पॉइंट हैं। अगर यह मुकाबला ड्रॉ होता है तो भारत को पॉइंट 46.67 प्रतिशत ही रह जाएंगे। ऐसे में टीम के लिए टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की राह काफी मुश्किल हो जाएगी।

भारत को न्यूजीलैंड में अभी दो टेस्ट मैच खेलने हैं। वहां टीम के लिए जीत आसान नहीं होगी। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में 5 मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी है। अगर यह मैच ड्रॉ रहता है तो भारत को बचे हुए 8 टेस्ट में 7 जीतने ही होंगे, तभी टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह मिलेगी।