सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

नया मकान बनने पर किन्नर द्वारा 21 हजार की मांग

दोबारा पहुंचकर फरियादी को धमकाया

अजय पिता अरूण पिडियार निवासी जनता कॉलोनी, बड़ा गणपति ने पुलिस आयुक्त, मल्हारगंज पुलिस को शिकायती पत्र दिया। जिसमें अवैध रुप से किन्नरों द्वारा दूसरी बार पैसे मांगने की शिकायत की गई। अजय ने अपना नया मकान बनाया तो 21 हजार रुपये किन्नर मांग रहे थे।

पहले मई माह में 4-5 किन्नर आए थे उन्होने भी 21 हजार रुपये की मांग कर अभद्र व्यवहार किया था और घर के बाहर हंगामा भी खडा किया था। अब फिर से 8 से 10 किन्नर अजय पडियार के जनता कालोनी निवास पर पहुंचे और पैसे की फिर से 21 हजार की मांग की गई, मना करने किन्नरों ने हाथापाई की ओर यह भी कहा कि अब और ज्यादा किन्नर आएंगे और तुमसे 51 हजार रुपये लेकर ही जाएंगे। अजय ने पुलिस शिकायत में बताया कि इस दौरान हाथापाई के अलावा पूरे परिवार से गाली गलौज की गई और जान के मारने की धमकी भी दी गई।

इसी के बाद अजय ने जान की धमकी के बाद अपनी और परिवार की जान बचाने के लिए और किन्नरों पर कार्रवाई के लिए कल पुलिस आयुक्त और थाना मल्हारगंग में आवेदन दिया है। उल्लेखनीय है कि किन्नरों की इस तरह की शिकायत पूरे शहर से आती है। शादी-ब्याह, पुत्र रत्न, मकान, दुकान, कार्यालय के उदघाटन के शुभारम्भ के अलावा तीज-त्योहारों पर दुकानदारों से भी पैसोंं की मांग की जाती है।

विगत दिनों किन्नरों की ज्यादा पैसों की मांग को लेकर इन्दौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन ने किन्नरों का नेग 200 रुपये तय किया था।