कार की टक्कर से घायल बैंक कर्मी की 18 दिन बाद मौत
इंदौर। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की सनकी सनक ने शहर के एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। खुड़ैल थाना क्षेत्र के जामनिया में दो सप्ताह से अधिक समय पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बैंक कर्मचारी ने आखिरकार अस्पताल में दम तोड़ दिया।
करीब 18 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच चले संघर्ष के बाद बीती रात डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। बताते है कि नंदानगर निवासी गौरव पिता बहादुर(40) निजी बैंकिंग सेक्टर में पदस्थ थे। 24 जुलाई को वे अपने किसी आधिकारिक कार्य से बाइक द्वारा खुड़ैल के जामनिया इलाके से गुजर रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरव उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगिरों और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुँचाया गया था, जहाँ आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था।
मंगलवार रात अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उनकी मृत्यु हो गई। खुड़ैल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर केस दर्ज कर लिया है और टक्कर मारकर भागने वाली कार के चालक की तलाश शुरू कर दी है।
