सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

टोका तो महावत बोला- अस्पताल भी नहीं ले जाएं क्या?

रणजीत हनुमान रोड से गुजर रहे हाथी का सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि हाथी जहां से गुजर रहा था इस पर कुछ लोगों ने महावत को टोका कि प्रतिबंध लगा हुआ है, इस पर जवाब मिला कि अस्पताल लेकर भी नहीं जाएं क्या? बीते माह राजनगर में एक हाथी ने गुड़ खिलाने गए युवक को अपनी चपेट में ले लिया था जिसके कारण युवक की मौत हो गई थी।

इसके बाद से जिला प्रशासन ने सतर्कता के तौर पर हाथी को शहर में प्रतिबंधित किया। इसके बाद कल रणजीत हनुमान मंदिर से एमओजी लाइन तक हाथी रामू नजर आया तो लोगों ने महावत से प्रश्न किए, महावत ने कहा कि इसे अस्पताल लेकर जा रहे है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महावत लोगों से दान लेते हुए चल रहा था।

एमओजी लाइन स्थित पशु चिकित्सालय के बाहर भी लोगों ने हाथी से आशीर्वाद लिया। कुछ लोग हाथी के पास जाने से सहमे हुए नजर आ रहे थे तो कुछ लोगों ने बेखौफ हाथी से आशीर्वाद लिया। उल्लेखनीय है कि शहर में एक ही हाथी बीते कई सालों से नजर आता है।

पश्चिाम क्षेत्र में रामू नामक हाथी कई बार घूमते हुए नजर आता है। हालांकि प्रतिबंध के बाद कल पहली बाहर रामू नजर आया तो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।