पत्नी को न भेजने की बात पर दामाद ने ससुर के सिर पर मारी लोहे की हथौड़ी
इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के चलते दामाद द्वारा अपने ही बुजुर्ग ससुर पर लोहे की हथौड़ी से हमला करने की घटना सामने आई है। पत्नी को साथ न भेजने से नाराज आरोपी दामाद ने चौकीदारी कर रहे ससुर के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर सिर पर हथौड़ी मार दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर निवासी 61 वर्षीय नारायण पिता मेकुलाल तिलवे ने एमआईजी थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वे अयोध्यापुरी कॉलोनी में चौकीदारी का काम करते हैं।
बीती रात जब वे ड्याूटी पर तैनात थे, तभी सुबह करीब 4 बजे उनका दामाद राहुल कलमे निवासी छोटी खजरानी, नया बसेरा वहां पहुंचा। आरोपी राहुल आते ही ससुर से कहने लगा कि तुम मेरी पत्नी भारती को मेरे साथ क्यों नहीं भेजते हो और इसी बात को लेकर गालियां देने लगा। जब फरियादी नारायण ने गाली- गलौज करने से मना किया, तो आरोपी राहुल ने तैश में आकर अपने पास रखी लोहे की हथौड़ी निकाली और ससुर के सिर पर दे मारी।
हमले में फरियादी के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
