सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भूतेश्वर महादेव का जारी है बिल्व पत्र से अर्चन

पंचकुइया स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मन्दिर पर सावन के पहले दिन से चल रहे सर्व मनोकामना सिद्धिप्रद अहर्निश लक्ष्य बिल्वार्चन चिंतामणि महाप्रयोग के अनूठे आयोजन में देशभर से आए विद्वानों, आचार्यों और ब्राह्मणों के सानिध्य में प्रतिदिन 24 घंटे शास्त्रोक्त मंत्रोच्चार के बीच 1 लाख बिल्व पत्र से लगातार रुद्राभिषेक, रुद्रपाठ एवं शिव आराधना से समूचा पंचकुईया क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है। श्रावण के पहले सोमवार को यहाँ दिनभर भक्तों का मेला जुटा रहा जिन्होंने भगवान शिव को बिल्व पत्र समर्पित करने का पुण्य लाभ भी उठाया।

यहाँ प्राचीन भूतेश्वर महादेव के साथ सात अन्य पार्थिव शिवलिंग भी स्थापित किए गए हैं जहाँ दो -दो घंटे की बारह पारियों में भगवान भूतेश्वर को प्रतिदिन 1 लाख बिल्व पत्र समर्पित कर साधकों के परिवार, समाज और राष्ट्र में सुख शांति एवं सदभाव के साथ ही सुखद वर्षा की प्रार्थना भी की जा रही है।