बाजारों में निगम की गाड़ी ने मचाया हल्ला
एक बार फिर दुकानों के बाहर का सामान उठाने की शुरू होगी मुहिम
नगर निगम की गाड़ियों ने शहर के अलग-अलग बाजारों में जाकर हल्ला मचा दिया है। अब निगम के द्वारा एक बार फिर दुकानों के बाहर का सामान उठाने की मुहिम शुरू की जाएगी।
नगर निगम के मार्केट विभाग और रिमूवल विभाग की गाड़ियों ने कल शहर के अलग-अलग बाजारों में पहुंचकर वहां पर अनाउंसमेंट के माध्यम से हल्ला मचाया। इस अनाउंसमेंट में व्यापारियों को यह चेतावनी दी गई कि उनके द्वारा दुकान के बाहर जो सामान रखा गया है उसे उठाकर वह लोग दुकान के अंदर रख लेंवे। इन व्यापारियों को अनाउंसमेंट के माध्यम से कहा गया कि यदि आपके द्वारा दुकान के बाहर सड़क पर सामान रखा जाता है तो नगर निगम के द्वारा ऐसे सामान पर कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया जा सकता है।
ध्यान रहे कि पहले नगर निगम जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के साथ मिलकर एक मुहिम चलाता था। इस मुहिम के अंतर्गत दुकान के बाहर रखे हुए सामान और यातायात में बाधक बन रहे हाथ ठेले को जब्त कर लिया जाता था। यह मुहिम जब भी जिस भी बाजार में चलती थी उस बाजार में हंगामा मचता था और व्यापारियों के द्वारा इस मुहिम का विरोध करते हुए यह आवाज उठाई जाती थी कि हमें समय दीजिए हम दुकान के बाहर सामान नहीं रखेंगे।
जब तक मुहिम चलती थी तब तक इसका असर नजर आता था। बाद में फिर से व्यापारियों के द्वारा दुकान के बाहर सामान रखने का सिलसिला शुरू हो जाता था। अब नगर निगम के द्वारा कल अनाउंसमेंट करके व्यापारियों को चेतावनी दे दी गई है। इस चेतावनी के माध्यम से नगर निगम के द्वारा यह संकेत दिया गया है कि आने वाले समय में एक बार फिर इस मुहिम को शुरू किया जाएगा।
इस मुहिम के माध्यम से व्यापारियों के सामान की जब्ती होगी और सड़कों को यातायात के लिए सुगम बनाया जाएगा।
