सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

नकली नोटों के साथ युवक गिरफ्तार

पर्स से मिले 500 के चार नोट, पुलिस रिमांड की तैयारी

देपालपुर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान आरोपी के पर्स से 500-500 रुपये के चार नकली नोट कुल मूल्य दो हजार रुपये बरामद हुए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि सभी नोटों का सीरियल नंबर एक जैसा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और नकली भारतीय मुद्रा रखने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और नेटवर्क का पता लगाने के लिए कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। ष्पुलिस के अनुसार, देपालपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहित गार्डन के पास स्थित ईंट भट्टा के समीप एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और नकली नोट खपाने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक रवींद्र सगर की टीम ने मौके पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम कुलदीप पिता कल्याण निवासी कृष्णधाम कॉलोनी, देपालपुर बताया जो पेशे से ड्राइवरी का काम करता है। पुलिस टीम ने जब आरोपी कुलदीप की तलाशी ली, तो उसके पर्स में से 500 रुपये के चार नकली नोट मिले। सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था।

थाना प्रभारी रंजीत सिंह बघेल के अनुसार, पुलिस ने नकली नोटों के साथ पर्स को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।