व्यापार में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी
मुनाफे का झांसा देकर हड़पे रुपये, 3 साल बाद आरोपी पर केस दर्ज
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में व्यापार में रकम निवेश कराने और उस पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शातिर आरोपी ने फरियादी को झांसे में लेकर उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए और बाद में रकम का गबन कर लिया।
घटना के करीब 3 साल बाद पुलिस ने प्राथमिक जांच पूरी करते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, काउंटी वॉक कॉलोनी झालरिया रोड निवासी फरियादी अनल पिता कृपाकृष्ण ने थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, यह वारदात 23 मई 2023 को हुई थी।
आरोपी अजय शर्मा निवासी श्रीकृष्ण एवेन्यू फेस-03, लिंबोदी ने उनसे मुलाकात की और व्यापार में पैसे लगाने पर अच्छे रिटर्न का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर फरियादी ने उसे एक बड़ी रकम सौंप दी। रकम हासिल करने के बाद आरोपी अजय शर्मा ने न तो फरियादी को कोई मुनाफा दिया और न ही उनके मूल पैसे वापस लौटाए।
आरोपी ने अपने निजी व अवैध लाभ के लिए पूरी राशि का गबन कर लिया। पीड़ित द्वारा लगातार चक्कर काटने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले, तो उन्होंने पुलिस की शरण ली।
