सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बिना बताए घूमने जाने पर पत्नी ने किया सवाल तो पति ने बेरहमी से पीटा

इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में बिना बताए दूसरी महिला के साथ घूमने जाने का विरोध करने पर पति ने अपनी ही पत्नी के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। पीड़िता को बचाने आए परिजनों के सामने भी आरोपी पति धमकी देता रहा। पीड़िता की शिकायत पर परदेशीपुरा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, परदेशीपुरा निवासी फरियादी स्वाती पति गोलू उर्फ अभिजीत आदीवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके पति बिना बताए जानवी नामक महिला के साथ जाम गेट घूमने चले गए थे। जब पति घर लौटे, तो स्वाती ने उनसे पूछा कि वे बिना बताए जानवी के साथ घूमने क्यों गए थे?

इसी बात से नाराज होकर आरोपी पति गोलू उर्फ अभिजीत गालियां देने लगा। जब पीड़िता ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने आपा खो दिया और स्वाती के साथ हाथ, थप्पड़, लात व घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट के कारण पीड़िता के बाएं हाथ, नाक, चेहरे, दाएं पैर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता के दर्द से चिल्लाने पर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। जाते-जाते आरोपी पति ने धमकी दी कि आइंदा अगर जानवी के संबंध में कोई पूछताछ की, तो जान से खत्म कर दूंगा।