घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी पर केस दर्ज
किशनगंज थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में एक महिला के घर में घुसकर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर किशनगंज थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय पीड़िता ने किशनगंज थाने पहुंचकर ग्राम करोदिया निवासी आरोपी अमोल पिता मुकेश जोगी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीती रात आरोपी अमोल अचानक उसके घर में अवैध रूप से घुस आया। आरोपी ने बुरी नीयत से पीड़िता का हाथ पकड़ लिया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। जब पीड़िता ने आरोपी की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी अमोल ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
