कार की टक्कर पर टोका तो बदमाशों ने की मारपीट
इंदौर। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित स्कीम 74 के पास तेज रफ्तार कार चालक द्वारा दूसरी कार को टक्कर मारने और विरोध करने पर पीड़ित के साथ जमकर मारपीट करने की वारदात सामने आई है। आरोपी चालक और उसके दो साथियों ने फरियादी को लात-घूंसे मारकर घायल कर दिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर विजयनगर थाना पुलिस ने कार चालक व उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी जयकुमार पिता रामचंद्र गुप्ता ने विजयनगर थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह स्कीम 74 के पास से अपनी कार से गुजर रहे थे, तभी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी-09 झेडवी-5620 के चालक ने अपने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फरियादी की कार का पिछला बंपर निकल गया और गाड़ी काफी क्षतिग्रस्त हो गई। जब फरियादी जयकुमार ने कार रोककर आरोपी चालक से देखकर गाड़ी चलाने की बात कही, तो आरोपी आक्रोशित होकर गाली-गलौज करने लगा। फरियादी के विरोध करने पर कार चालक के दो अन्य साथी भी मौके पर आ पहुंचे और तीनों ने मिलकर फरियादी पर हमला कर दिया।
बदमाशों ने हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से फरियादी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके बाएं हाथ के अंगूठे, सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद तीनों आरोपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए भाग निकले। विजयनगर पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
