सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए निगम के परिसर में मांगी जगह

आयुक्त ने अधिकारियों के साथ दौरा कर मेट्रो रेल को दिया स्थान

मेट्रो ट्रेन प्रोजेक्ट के अधिकारियों के द्वारा नगर निगम मुख्यालय के परिसर में जगह की मांग की गई। इस मांग की पूर्ति के लिए आयुक्त के द्वारा अधिकारियों के साथ दौरा कर मेट्रो रेल कंपनी को स्थान दिया गया है।

नगर निगम मुख्यालय के पास बन रहे मेट्रो स्टेशन से अब अंडरग्राउंड खुदाई का काम प्रारंभ होने वाला है। इसके लिए मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने नगर निगम परिसर की खुदाई मशीनों के आवागमन के लिए कुछ जमीन मांगी है। कल नगर निगम पहुंचे मेट्रो प्रोजेक्ट के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने परिसर का दौरा किया और चाही गई जगह देखी।

निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों से कहा कि यह जगह देने के कारण निगम में आने जाने वालों को कोई परेशानी ना हो। मेट्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने बताया कि निगम परिसर में स्थित स्टेट बैंक के सामने से लेकर शिवाजी मार्केट की ओर मुख्य द्वार तक उन्हें बड़ी-बड़ी मशीनों और डंपर आदि के आने-जाने के लिए जगह चाहिए। यह जगह अस्थाई रूप से ली जाएगी।

मेट्रो स्टेशन और खुदाई का काम पूरा होने के बाद निगम को यह जगह वापस लौटा दी जाएगी। इसके चलते निगम को रिमूवल विभाग अन्य किसी स्थान पर शिफ्ट करना पड़ेगा।