कोर्ट से घर लौट रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रीगल ब्रिज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कोर्ट से काम निपटाकर अपने घर लौट रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने केस दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इलियास पिता अब्दुल रज्जाक निवासी: खजराना के रूप में हुई है। इलियास बीते कल शाम के समय कोर्ट से अपना काम खत्म कर घर की ओर लौट रहे थे, तभी रीगल ब्रिज के पास छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इलियास सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। राहगीरों की मदद से घायल इलियास को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
छोटी ग्वालटोली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालक का पता लगा रही है।
