सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

होटल में घुसकर बदमाशों ने मचाया उत्पात

केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए दंपती के बेटे व कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी

इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक होटल के अंदर घुसकर बदमाशों द्वारा जमकर उत्पात मचाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की सनसनीखेज धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी पुराने विवाद में दर्ज केस वापस लेने का दबाव बनाने के लिए अपने साथियों के साथ होटल पहुंचे थे। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, अमितेश नगर निवासी फरियादी हितेश पिता लक्ष्मण ने आरोपियों के खिलाफ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित हितेश ने पुलिस को बताया कि वह राजेंद्र नगर ए.बी. रोड पुलिया के पास स्थित ‘होटल बी टाउन' में मौजूद था। इसी दौरान ग्राम धन्नड़ देपालपुर निवासी आनंदीलाल सेठ अपने साथी शेखर पटेल, योगेश और कुछ अन्य बदमाशों को लेकर एक राय होकर होटल के अंदर जबरन घुस आया।

होटल में घुसते ही आरोपी वहां के कर्मचारियों से हितेश के बारे में पूछताछ करने लगे। जब होटल के कर्मचारियों ने सुरक्षा के लिहाज से कहा कि सेठ यहाँ पर नहीं हैं, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने कहा कि हमें अच्छी तरह मालूम है कि तुम्हारे सेठ का लड़का हितेश होटल के अंदर ही मौजूद है।

इसके बाद आरोपियों ने कर्मचारियों पर हितेश को बाहर बुलाने का दबाव बनाया। जब स्टाफ ने मना किया, तो आरोपी आनंदीलाल, शेखर, योगेश और उनके साथियों ने हितेश के साथ-साथ होटल के कर्मचारी अंकित राठौर, कैलाश रजाक व अन्य स्टाफ को गालियां देना शुरू कर दिया। बदमाशों ने खुलेआम धमकी दी कि अपने सेठ से कह देना कि हमारे खिलाफ दर्ज केस वापस ले ले, वरना किसी दिन तुम्हारे सेठ को जान से खत्म कर देंगे।