जिलाबदर बदमाश का पुलिस ने निकाला जुलूस
इंदौर। मानपुर पुलिस ने जिले की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश मिलने के बाद भी चोरी-छिपे अपने क्षेत्र में घूम रहे एक जिलाबदर कुख्यात बदमाश को मानपुर पुलिस ने धरदबोचा। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी का क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला, जिसमें वह लोगों के सामने कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दिया।
आरोपी के खिलाफ अब जिलाबदर आदेश के उल्लंघन की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अभिषेक है, जो मानपुर का ही रहने वाला है। जिला दंडाधिकारी ने 22 अप्रैल को उसे छह माह के लिए इंदौर सहित उज्जैन, देवास, धार, खरगोन और खंडवा जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया था।
27 अप्रैल को पुलिस ने बाकायदा आदेश की तामील कराते हुए उसे जिले से बाहर खदेड़ दिया था। इसके बावजूद आरोपी बेखौफ होकर मानपुर क्षेत्र की एक सोसायटी के पास घूमता पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अभिषेक का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में कुल 9 मामले दर्ज हैं।
