कियान, त्रषभ, वेदांश जीती ऑल इंडिया आइपीएससी शतरंज स्पर्धा
इंदौर। देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच चौसठ खानों की बिसात पर रोमांचक टक्कर के साथ प्रतिष्ठत ऑल इंडिया आइपीएससी शतरंज स्पर्धा का समापन हुआ। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित स्पर्धा में खिलाड़ियों ने हाथी, घोड़ा और ऊंठ की जुगलबंदी के साथ अपनी रणनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया।
देशभर के खिलाड़ियों के बीच इंदौर के खिलाड़ियों ने शीर्ष पायदान पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। स्पर्धा का समापन और पुरस्कार वितरण एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान सहित देशभर से आए खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे।
स्पर्धा के अंडर-17 बालक वर्ग में दिल्ली के मॉर्डन स्कूल के किआन अग्रवाल ने छह अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। बालक अंडर-19 आयु वर्ग में डेली कॉलेज के त्रषभ कुमार 6.5 अंकों के साथ पहली पायदान पर रहे। बालक अंडर-14 वर्ष आयु वर्ग में दिल्ली के मॉर्डन स्कूल के वेदांश बंसल ने 6.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
