सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

हत्याकांड खुलासा... शराब के नशे में विवाद के बाद दोस्त ने ही की थी हत्या,आरोपी गिरफ्तार

पहले बेल्ट से घोंटा था गला, फिर लोहे के एंगल से किए वार 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद खुला राज

गौतमपुरा थाना क्षेत्र के बछोड़ा रोड स्थित एक खेत में तीन दिन पहले हुई बाबूलाल राठौर की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए गौतमपुरा थाना पुलिस ने मृतक के ही एक दोस्त को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में उसने पहले बेल्ट से बाबूलाल का गला घोंटा और फिर लोहे के एंगल से चेहरे पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने हत्या की इस वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गौतमपुरा थाना पुलिस के मुताबिक, गत 12 जुलाई की सुबह बछोड़ा रोड पर स्थित शमशाद बी के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला था। मृतक की शिनाख्त 42 वर्षीय बाबूलाल पिता कचरूलाल राठौर, निवासी धोबी मोहल्ला, गौतमपुरा के रूप में हुई थी। घटनास्थल पर मृतक का शव खून से लथपथ हालत में मिला था और पास ही टूटे हुए दांत, बीड़ी, माचिस, शराब की बोतल और खून से सना लोहे का एंगल भी बरामद हुआ था।

पुलिस ने मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीमों ने क्षेत्र के लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को एक बड़ा सुराग हाथ लगा।

फुटेज में दिखाई दिया कि 11 करीब 9े बाबूलाल अपने एक साथी के साथ मुक्तिधाम के पास स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर बाइक पर सवार होकर बछोड़ा रोड की तरफ गया था। हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए मृतक के साथी 22 वर्षीय दीपक निवासी ग्राम बछोड़ा को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने दीपक से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी दीपक ने पुलिस को बताया कि वह और बाबूलाल दोनों बछोड़ा रोड पर खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर दीपक ने पहले अपने बेल्ट से बाबूलाल का गला घोंट दिया, जिससे वह अचेत हो गया।

इसके बाद उसने पास ही खेत में पड़े लोहे के भारी-भरकम एंगल से बाबूलाल के सिर और चेहरे पर कई जानलेवा वार किए और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं।