जीत के बाद मैदान बना अखाड़ा, खूब हुआ बवाल
इंग्लैंड के जूड बेलिंगहम ने अर्जेंटीना के वैलेंतिन बारको को मारा थप्पड़
अटलांटा। लियोनल मेस्सी ने पहले हाफ में जूझने के बाद दूसरे हाफ के अंतिम लम्हों में अपना जलवा बिखेरा और दो गोल करने में मदद की जिससे अर्जेन्टीना ने बुधवार देर रात को यहां फुटबॉल विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की। लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश करने वाला गत चैंपियन अर्जेन्टीना रविवार को फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा।
इस मैच में एक ऐसा भी पल आया जिसने फैन्स को चौंका कर रख दिया। हुआ ये कि मैच में इंग्लैंड की हार के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ी जमकर जश्न मना रहे थे। यह घटना रेफरी के फुल- टाइम की सीटी बजाने के ठीक बाद हुई। पिच पर अकेले खड़े होकर मैच के नतीजे के बारे में सोच रहे बेलिंगहम को सबसे पहले अर्जेंटीना के एक खिलाड़ी ने सांत्वना दी।
बाद में, बार्को अपने साथियों के साथ जश्न मनाने और गले मिलने के लिए उनके पास गए। इसी दौरान, बार्को ने बेलिंगहम से कुछ कहा। इस वर्ल्ड कप में 6 गोल करने वाले इंग्लैंड के मिडफील्डर को यह बात बुरी लगी और उन्होंने बार्को के सिर पर मारा।
जवाब में अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने उन्हें पीछे धकेल दिया। दूसरे खिलाड़ियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और मामला और बिगड़ने से पहले ही शांत करा दिया।
