सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

कोहली-रोहित अभी संन्यास के मूड में बिल्कुल नहींः गिल

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य और सीनियर खिलाड़ियों के संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर कप्तान शुभमन गिल ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले गिल ने साफ किया कि पूर्व कप्तान विराट कोहली और दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा अभी संन्यास के मूड में बिल्कुल नहीं हैं।

गिल ने खुलासा किया कि विराट कोहली 2027 में साउथ अप्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम की प्लानिंग में पूरी तरह शामिल हैं और लगातार अपना इनपुट दे रहे हैं। शुभमन गिल ने बर्मिंघम में होने वाले पहले वनडे मैच से ठीक पहले प्रेस कॉन्प्रेंस में सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कोहली भविष्य की टीम तैयार करने के लिए उनके साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं और उन खिलाड़ियों पर नजर रखने की सलाह दे रहे हैं जो फिलहाल टीम का हिस्सा नहीं हैं।

गिल ने कहा, 'हम उन कॉम्बिनेशन के बारे में बात कर रहे थे जो अगले साल साउथ अप्रीका में काम आ सकते हैं। साथ ही उन खिलाड़ियों पर भी चर्चा हुई जो अभी टीम में नहीं हैं लेकिन उन्हें आगे आजमाया जा सकता है।' भारतीय कप्तान ने टीम में रोहित और विराट के कद और उनकी अहमियत को रेखांकित करते हुए साफ किया कि दोनों का अनुभव टीम के लिए बेहद अनमोल है। गिल ने कहा, 'रोहित शर्मा और विराट कोहली पिछले एक दशक से भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप की रीढ़ रहे हैं और वे टीम का एक अभिन्न हिस्सा बने हुए हैं।

वे जो अनुभव और कौशल टीम में लाते हैं, वह जाहिर तौर पर बेहद मूल्यवान है। हमने देखा है कि उन्होंने पिछले दशक में अलग-अलग परिस्थितियों में लगातार कई मैचों और टूर्नामेंटों में क्या किया है।' भारतीय टीम इस वनडे सीरीज में टी20 सीरीज की कड़वी यादों को पीछे छोड़कर उतर रही है, जहां उसे हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, गिल का मानना है कि छोटे फॉर्मेट की नाकामी का इस सीरीज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।