सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

पद कम, लेकिन सवाल बड़ा: स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस भर्ती के इंटरव्यू कब?

केवल एक दिन में खत्म हो जाएंगे फिर भी तारीख का इंतजार

एमपी पीएससी की महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाने वाली स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस भर्ती एग्जाम- 2025 के इंटरव्यू आखिर कब होंगे, यह सवाल अबूझ पहेली बन गया है। क्योंकि रिजल्ट आए डेढ़ माह से ज्यादा बीत गया है। एक दिन में यह इंटरव्यू हो जाएंगे।

क्योंकि 32 पदों के लिए सिर्फ 39 अभ्यर्थी इंटरव्यू देंगे फिर भी पीएससी तारीख नहीं दे रहा है। यह था चौंकाने वाला रिजल्ट परिणाम आने पर चौंकाने वाली बात यह हुई थी कि 32 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में इंटरव्यू के लिए तीन गुना अभ्यर्थी चयनित किए जाने थे, लेकिन आधे योग्य अभ्यर्थी भी नहीं मिले। सिर्फ 39 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू के लिए चयन हो पाया था।

सहायक यंत्री सिविल के कुल 24 पद इस परीक्षा में शामिल थे। इसमें कम से कम 72 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित होना था, लेकिन सिर्फ 14 योग्य अभ्यर्थी मिल पाए। जबकि सहायक यंत्री कृषि के एक पद के लिए एक भी योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल पाया।

वहीं, सहायक यंत्री विद्युत के 7 पदों के लिए कुल 24 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है। अभ्यर्थियों को तय समय-सीमा में पीएससी मुख्यालय पर अभिलेख जमा करवाना होगा तभी वे इंटरव्यू के लिए पात्र माने जाएंगे।

22 मार्च को हुई थी परीक्षा

पीएससी की यह परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की गई थी। सवा दो माह बाद रिजल्ट आया था। परीक्षा में रिकॉर्ड 60 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। सिर्फ 40 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में 3800 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन करीब 1520 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी थी।

पिछली परीक्षा 24 अगस्त 2025 को हुई थी, इसमें उपस्थिति 55 प्रतिशत रही थी। वैसे पिछले साल हुए परीक्षा में 23 पदों के लिए रिकॉर्ड 8 हजार आवेदन आए थे, लेकिन परीक्षा देने 4400 ही अभ्यर्थी पहुंचे थे। इस बार 9 पद ज्यादा थे, लेकिन फिर भी आवेदन की संख्या में रिकॉर्ड कमी आई थी।

बताते हैं कि अभ्यर्थियों की मांग 250 पदों की थी, लेकिन नाममात्र के पद दिए गए हैं। पीएससी ने विज्ञापन के समय 29 पद दिए थे। बाद में 3 पद बढ़ाए गए थे। जानकारों का कहना है कि पीएससी की स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस एग्जाम के पद लगातार घट रहे हैं।

चार साल में स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस के सिर्फ 91 पद दिए गए हैं। 2022 में सिर्फ 36 पद दिए गए थे। 2023 में वैकेंसी ही नहीं दी गई। 2024 में भी सिर्फ 23 पद ही थे, जबकि इस बार 32 हैं। यानी पांच साल में 91 पद दिए गए हैं, जबकि पीएससी ने ही 2021 में रिकॉर्ड 493 पद निकाले थे।