सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

निगम मुख्यालय के पीछे बड़ी बिल्डिंग में तोड़फोड़

बिल्डिंग की हालत खतरनाक हो जाने के कारण निगम ने की कार्रवाई

नगर निगम के द्वारा अपने मुख्यालय के पीछे ही बनी हुई एक बड़ी बिल्डिंग में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। यह बिल्डिंग खतरनाक स्थिति में होने के कारण निगम रिमूवल गैंग द्वारा आज सुबह यह कार्रवाई की गई।

निगम अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम के मुख्यालय के परिसर में स्थित स्टेट बैंक की शाखा के सामने की तरफ वाले हिस्से में एक बिल्डिंग खतरनाक स्थिति में थी। इस बिल्डिंग को लेकर नगर निगम के पास पिछले समय काफी शिकायतें भी आई थी। निगम के द्वारा कई बार इस बिल्डिंग के मालिक के नाम पर नोटिस भी जारी किया गया। हर बार निगम के द्वारा बिल्डिंग के मालिक को यह कहा गया कि वह बिल्डिंग का खतरनाक हिस्सा तोड़ लें।

निगम के द्वारा नोटिस दिए जाने के उपरांत भी बिल्डिंग के मालिक के द्वारा बिल्डिंग के खतरनाक क्षेत्र को तोड़ने की कार्रवाई नहीं की गई। इसका परिणाम यह हुआ कि अब नगर निगम को खुद कार्रवाई करने के लिए आगे आना पड़ा। आज सुबह नगर निगम की रिमूवल गैंग के द्वारा जेसीबी मशीन और पोकलेन मशीन की मदद से इस बिल्डिंग के खतरनाक हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई की गई।

ध्यान रहे कि जिस स्थान पर या बिल्डिंग है उस स्थान के समीप ही मेट्रो रेल का कामकाज भी चल रहा है। ऐसे में यदि कभी भी तेज हवा के कारण बिल्डिंग का हिस्सा गिर जाता तो बड़ी जनहानि होने की आशंका बनी हुई थी।

6 क्वार्टर भी तोड़ेंगे

इसके साथ ही नगर निगम द्वारा आज अपने ही 6 क्वार्टर तोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। यह क्वार्टर नगर निगम मुख्यालय में बनाई गई नई इमारत के पीछे की तरफ बने हुए हैं। यह सभी क्वार्टर कम से कम 50 साल पुराने हैं। ऐसे में यह क्वार्टर खतरनाक स्थिति में आ गए हैं। अब निगम द्वारा आज अपने ही क्वार्टर तोड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। वैसे भी नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए क्वार्टर में से कई स्थानों पर क्वार्टर खतरनाक स्थिति में आ चुके हैं।

पुलिसबल लगाकर रखा

आज की कार्रवाई के दौरान कहीं कोई विरोध पैदा ना हो जाए इस आशंका को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के द्वारा पुलिस बल लगाकर यह कार्रवाई की गई। जिस इमारत को तोड़ा गया है उस इमारत में मकान मालिक और किराएदार के बीच विवाद चल रहे है, ऐसे में यह भी संभव है कि नगर निगम पर मकान मालिक का साथ देते हुए अनावश्यक हिस्से की तोड़फोड़ का आरोप लगे। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के द्वारा पुलिस बल बुलवाकर पुलिस की मौजूदगी में ही कार्रवाई को अंजाम दिया गया।