आईआईएम कॉलेज के पास से दो शातिर गांजा तस्कर गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से 2.400 किलो मादक पदार्थ जब्त
शहर में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राऊ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शैडो एरिया चेकिंग के दौरान पीथमपुर रोड स्थित आईआईएम कॉलेज के सामने से घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 2.400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर क्षेत्र में सप्लाई करने का अवैध काम करते थे। राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान आईआईएम कॉलेज के सामने हनुमान मंदिर के पीछे सुनसान क्षेत्र में दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे।
मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर दोनों को धरदबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम भोलाराम उर्फ सुभाष और गोलू उर्फ गोल्डी दोनों निवासी: नयापुरा रंगवासा राऊ बताया। जब पुलिस ने नियमानुसार उनकी सघन तलाशी ली, तो उनके पास से 2.400किलोग्राम अवैध गांजा जब्त हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।
पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को पता चला कि पकड़ा गया आरोपी भोलाराम उर्फ सुभाष एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। राऊ थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण जाधव, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण कन्नौजे, अर्जुन डावर, आरक्षक नारायण यदुवंशी और कमलेश चौरे की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से इस अवैध नेटवर्क के मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन के बारे में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
