सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

उज्जैन स्नान की जिद पर पति ने किया इन्कार, तो महिला ने खाया जहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हातोद थाना क्षेत्र के ग्राम पालिया से बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 28 वर्षीय विवाहिता ने उज्जैन जाकर धार्मिक स्नान करने की इच्छा जताई थी। जब पति ने किसी कारणवश जाने से मना कर दिया, तो महिला ने क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ गटक लिया।

गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सपना पति सुशील (28) निवासी ग्राम पालिया, हातोद के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले सपना अपने पति सुशील से उज्जैन जाकर पवित्र स्नान करने की जिद कर रही थी।

उस समय पति ने जाने से इन्कार कर दिया, जिससे आहत होकर सपना ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना का पता चला, जिसके बाद उसे तुरंत गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बीती रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल की सूचना पर पहुंची हातोद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज करने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।