चोरों का धावा.. एक ही रात में मंदिर, घर और कमरे को बनाया निशाना
नकदी-जेवर व मोबाइल ले उड़े बदमाश
इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। चोरों ने एक प्रसिद्ध मंदिर, मकान और किराए के कमरे के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और मोबाइल पार कर दिए। पीड़ितों की शिकायत पर बेटमा थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहली वारदात खाटू श्याम मंदिर में हुई। फरियादी राहुल पिता दिनेशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दानपेटी का ताला खोलकर उसमें रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गए।
वहीं, दूसरी और तीसरी वारदात जीवन ज्योति कॉलोनी में हुई, जहां बदमाश शुभम पिता महेश पाल के कमरे का ताला तोड़कर दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इसी के पास स्थित नीलेश के कमरे में भी सेंधमारी कर चोरों ने 11,700 रुपये नकद उड़ा दिए। एक ही रात में हुई इन वारदातों के बाद बेटमा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
