टेलीग्राम पर ‘टास्क पूरा करने' का झांसा देकर 27 हजार रुपए की ठगी
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में टेलीग्राम ऐप के जरिए पार्ट टाइम जॉब और टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से हजारों रुपये की साइबर ठगी की गई है। पीड़ित को कमीशन बढ़ाने का लालच देकर किस्तों में कुल 27 हजार रुपये जमा करवा लिए गए। फरियादी की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आम वाला रोड चंदन नगर निवासी अतहर हुसैन पिता तालिब हुसैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 जून की सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर टेलीग्राम ऐप के जरिए एक एसएमएस लिंक आई थी। मैसेज में लिखा था कि दिए गए टास्क पूरे करने पर अच्छा प्रॉफिट मिलेगा। झांसे में आकर अतहर ने टेलीग्राम पर आई लिंक को ओपन किया और शुरुआती टास्क के लिए 1,000 रुपये जमा किए।
इसके बाद आरोपी की ओर से बार-बार मैसेज आने लगे कि पैसे लगाने पर कमीशन बढ़ रहा है। अधिक मुनाफे के लालच में फरियादी ने दूसरी व तीसरी बार में 10-10 हजार रुपये, फिर 1-1 हजार रुपये करके तीन बार और अंत में 3,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह साइबर ठगों ने पीड़ित से कुल 27,000 रुपये ऐंठ लिए। जब ना तो प्रॉफिट मिला और ना ही मूल रकम वापस हुई, तब ठगी का अहसास हुआ।
