सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री और सांसद के बीच चर्चा का अर्थ ढूंढ रहे हैं भाजपाई

कल विमानतल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद शंकर लालवानी के बीच करीब 15 मिनट तक चर्चा हुई। इस चर्चा के बाद खबर छोटे-छोटे भाजपाइयों तक पहुंची तो इस मुलाकात अर्थ निकालना भी शुरू हो गया। मुख्यमंत्री कल उज्जैन से इंदौर पहुंचे थे और यहां से महाराष्ट्र के गोंदिया के लिए रवाना होने के पहले शंकर लालवानी के साथ मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण मुलाकात करीब 15 मिनट तक हुई।

विमानतल पर अकेले में हुई बातचीत को शहर और शहर की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों की अकेले में बातचीत हुई, इस दौरान कोई भी जनप्रतिनिधि, अधिकारी मौजूद नहीं थे। बातचीत शहर के विकास को लेकर हुई या स्थानीय राजनीति और संगठन से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई।

दोनों के बीच बातचीत को लेकर कोई अधिकारिक बयान भी नहीं आया है। सूत्रों का कहना है कि विकास कार्यों और शहर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद ने मुख्यमंत्री के समक्ष कई परियोजनाओं और जरूरतों से जुड़े विषय पर चर्चा की।

खासतौर से इंदौर विमानतल के विस्तार और हवाई कनेक्टिविटी को लेकर चर्चा बताई जा रही है। विमानतल के विस्तार को लेकर अतिरिक्त जमीन पर भी चर्चा संभव बताई गई।