सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बंगाली चौराहे पर सिंधिया प्रतिमा के आसपास छाया अंधेरा

बंगाली चौराहे के पास स्थित माधवराव सिंधिया की प्रतिमा के आसपास रोशनी के लिए लगी 20 से ज्यादा डिजाइनर आकर्षक लाइटिंग लंबे समय से बंद पड़ी है। जिससे प्रतिमा के पास स्थित बगीचे में महीनों से अंधेरा छाया हुआ है। आसपास के लोगों ने बताया आधी से ज्यादा लाइटिंग खराब होने अक्सर लाइटिंग बंद रहती है।

जिससे बगीचे में और सिंधिया प्रतिमा के आसपास अंधेरा छाया रहता है। यही नहीं प्रतिमा के आसपास असामाजिक तत्वों का डेरा भी जमा रहता है। इधर प्रतिमा के आसपास लंबे समय से लाइटिंग बंद होने के बाद भी लोगों की शिकायत पर निगम के जिम्मेदार कई दिनों से ध्यान नहीं दे रहे हैं।

यही नहीं बंगाली ब्रिज के नीचे निगम द्वारा लगभग 90 लख रुपए से ज्यादा खर्च कर क्षेत्र के खिलाड़ियों और रहवासियों को खेल सुविधा देने के लिए आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का दावा भी कागजों से बाहर नहीं निकला। जबकि इसको लेकर निगम द्वारा 6 माह पहले भूमि पूजन कर आधुनिक सुविधाओं वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। लेकिन अब इतने लंबे समय बाद भी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को लेकर कोई काम होता नजर नहीं आ रहा है।

जिसको लेकर भी लोगों द्वारा सवाल उठाए जा रहे है। जबकि जिम्मेदारों द्वारा दावा किया गया था कि पिपलियाना ब्रिज की तर्ज पर बंगाली ब्रिज के नीचे भी क्षेत्र के खिलाड़ियों और रहवासियों की सुविधा के लिए भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। यहां खिलाड़ियों को इंडोर आउटडोर खेलोंं को खेलने के लिए भरपूर सुविधा मिलेगी। लेकिन इतने समय बात भी अभी तक कोई काम शुरू नहीं हो पाया।