40 करोड़ की जो सड़क फट गई उसे निगम ने बताया आदर्श सड़क
सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस के द्वारा किए जा रहे आंदोलन का नगर निगम ने जवाब दिया है। इसमें नगर निगम के द्वारा उस सड़क को आदर्श सड़क के रूप में प्रस्तुत किया गया है जो की 40 करोड रुपए की लागत से बनाई गई और पाइप लाइन में पानी छोड़ते ही फट गई।
बांबे हॉस्पिटल के पास की सर्विस रोड की बुरी स्थिति को लेकर कल कांग्रेस के द्वारा आंदोलन किया गया था। इस क्षेत्र के लोगों का कहना है कि 2 साल पहले नगर निगम के द्वारा ड्रेनेज की लाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था उसके बाद से यह सड़क अभी तक नहीं बनी है। इस स्थिति में इस सड़क से गुजर कर अपने मुकाम तक जाने वाले लोगों के लिए भारी परेशानी पैदा हो गई है। यह परेशानी पिछले 2 साल से निरंतर कायम है।
इस मुद्दे का जवाब नगर निगम के द्वारा कल आधिकारिक तौर पर जारी किया गया। इसमें निगम के द्वारा दावा किया गया कि यह सड़क निर्माणाधीन है। ऐसे में इस सड़क के खराब होने के मुद्दे पर कोई बात नहीं की जा सकती है। इस बारे में क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अभी सड़क के निर्माण का कोई काम वहां पर शुरू ही नहीं हुआ है तो ऐसे में इस सड़क को निर्माणाधीन कैसे माना जा सकता है।
निगम के द्वारा अपनी आधिकारिक जानकारी में कहा गया कि इंदौर में कुछ सड़कें आदर्श सड़क के रूप में विकसित हुई है। इसमें एमजी रोड का नाम भी लिया गया। इस सड़क का निर्माण स्मार्ट सिटी कंपनी के द्वारा इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 40 करोड रुपए की लागत से किया गया।
पिछले दिनों यह सड़क उस समय चर्चा में आ गई थी जब इस सड़क के नीचे डाली गई पाइपलाइन में निगम के द्वारा पानी छोड़ा गया तो पाइपलाइन भी फट गई और सड़क भी फट गई थी। अब नगर निगम इस घटना पर लीपा पोती करने में लगा हुआ है। इस सड़क के घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और साथ ही इंजीनियरों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
इस सड़क के निर्माण के प्रभारी इंजीनियर तो अब निगम की नौकरी से रिटायर हो चुके हैं। साइड इंजीनियर के रूप में काम करने वाले सौरभ माहेश्वरी अपनी सेटिंग के दम पर खुद के बचाव की व्यवस्था कर चुके हैं। जो सड़क घटिया निर्माण के कारण इस समय चर्चा में है उस सड़क को नगर निगम ने आदर्श सड़क के रूप में जनता के सामने रखा है।
