बारीक गिरफ्तार
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डीआरपी लाइन अस्पताल के सामने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52.71 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम बीती रात मादक पदार्थों के संदेहियों की तलाश हेतु डीआरपी लाइन अस्पताल के पास शांतिपथ रोड पर गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर संदिग्ध अवस्था में छिपने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम फैजान पठान उर्फ बारीक निवासी सदर बाजार, इंदौर बताया। पुलिस टीम द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी की पैंट की जेब से 52.71 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी 7वीं तक पढ़ा-लिखा है और इलेक्ट्रॉनिक हीटर बनाने का काम करता है।
क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे नेटवर्क व शहर में सप्लाई के ठिकानों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
