सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

20 टंकी रही खाली, नहीं हुआ पानी का सप्लाई

महू नाका पर सुधार कार्य के लिए निगम ने लिया शटडाउन

नगर निगम के नर्मदा परियोजना विभाग के द्वारा महूनाका पर सुधार का कार्य करने के लिए शटडाउन लिया गया। इसके परिणाम स्वरूप आज इंदौर शहर में पानी की 20 टंकी खाली रही। इन टंकी से जिन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है उन क्षेत्रों में नल में पानी नहीं आया।

इंदौर नगर निगम द्वारा शहर में जलप्रदाय व्यवस्था से संबंधित आवश्यक मरम्मत एवं इंटरकनेक्शन कार्य एक साथ पूर्ण किए जाने के उद्देश्य से कल 1200 एमएम व्यास की पाइप लाइन में लगभग 24 घंटे का शटडाउन लिया गया। महूनाका क्षेत्र में 250 एमएम का वॉल्व खराब हो गया। इसे सुधारने का काम शटडाउन लेने के साथ किया गया।

निगम की टीम द्वारा वाल्व को बदल दिया गया है। बिलावली में 1200 एमएम पाइपलाइन में हुए लीकेज का सुधार कार्य भी किया गया। राजेंद्र नगर ब्रिज के नीचे पुरानी पाइपलाइन में लीकेज के सुधार के साथ इंटरकनेक्शन कार्य तथा आवश्यक वॉल्व स्थापित करने का कार्य भी किया जा रहा है।

यह सभी काम करने के लिए निगम के द्वारा लिए गए इस शटडाउन के कारण 20 पानी की टंकियां नहीं भर पाई जिसके चलते हुए आज इन टंकियों से संबंधित क्षेत्रों में नल से पानी नहीं आया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि अन्नपूर्णा, स्कीम नं. 103, छत्रीबाग, राज मोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा प्रताप नगर, नरवल, अगरबत्ती काम्प्लेक्स, कुशवाह मोहल्ला, टीगरिया बादशाह, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, भक्त प्रह्लाद नगर, एम.ओ.जी. लाइन व जय हिन्द नगर की टंकी से पानी की सप्लाई नहीं हो सकी।