यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को अनोखी सीख
पुलिस ने रोककर नियमों का पाठ पढ़ाया, चौराहे पर कराया ट्रैफिक रेगुलेट
शहर के सबसे व्यस्ततम विजय नगर चौराहे पर यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वाले और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने नियम उल्लंघनकर्ताओं का सिर्फ चालान काटने के बजाय उन्हें रोककर यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और मौके पर ही उनसे ट्रैफिक संभालने में सहयोग लिया। पुलिस की इस पहल का मकसद वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना था।
अभियान के दौरान विजय नगर चौराहे से गुजरने वाले ऐसे वाहन चालकों को विशेष रूप से रोका गया जो बिना हेलमेट, रेड लाइट जंप करके या यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन चला रहे थे। यातायात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने सभी चालकों को रोककर सड़क दुर्घटनाओं के खतरों और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। इसके साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चौराहे पर खड़ा रखकर यातायात पुलिस जवानों के साथ ट्रैफिक रेगुलेट करवाने की जिम्मेदारी दी गई।
चालकों ने स्वयं पुलिस के साथ मिलकर वाहन चालकों को सिग्नल और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। इस व्यावहारिक सीख के जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन दंड के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा की भावना से किया जाना चाहिए।
