इंदौर की स्वाति और नैवेद्य को राज्य सीनियर खिताब
इंदौर। इंदौर की स्वाति सोलंकी और नैवैद्य तोंडे ने 79वीं मप्र राज्य सीनियर बैडमिंटन स्पर्धा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए क्रमशः महिला युगल और पुरुष युगल खिताब हासिल किया। ग्वालियर में हुई इस स्पर्धा में ग्वालियर के मृदुल भिर्यानी पुरुष एकल और नित्या जादोन महिला एकल में नये राज्य विजेता बने, इंदौर के कन्हैया शर्मा पुरुष एकल में तीसरे स्थान पर रहे।
इंदौर की स्वाति सोलंकी और आशिता दुबे ने महिला युगल फाइनल में भोपाल के गरिमा सप्रे और अदिति वर्मा को 15-10,15-10 से हराया। सेमीफाइनल में पहले क्रम की स्वाति सोलंकी और आशिता दुबे ने संस्कृति अग्रवाल और पाखी गुप्ता को 15-12,15-7 से हराया।
इंदौर के नैवेद्य तोंडे और ग्वालियर के रुद्र प्रताप ठाकुर ने पुरुष युगल फाइनल में ग्वालियर के अगद बावेजा और मृदुल भिर्यानी को 11-15, 15- 9,15-10 से पराजित किया। सेमीफाइनल में शिवांश गुर्जर और अनिकेत यादव को 15-12,16- 14 से हराया, नैवेद्य और रुद्र प्रताप ने क्वार्टर फाइनल में दूसरे क्रम के धार के आदित्य चौहान और अमित राठोर को तीन गेमों में हराकर उलटफेर किया। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन अध्यक्ष डा अनिल भंडारी, सचिव आर पी सिंह नैयर, सह सचिव धर्मेश यशलहा, प्रकाश धाकड़, कोषाध्यक्ष विशाल चांदवानी आदि ने इंदौर के सफल खिलाड़ियों को बधाई दी हैं। नित्या जादोन ने महिला एकल फाइनल में धार की अद्वितीया शर्मा को 15-13,15-8 से हराया।
