यशस्वी, जिनीशा, लब्धि दिखाया दिमागी कौशल
इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने मध्य प्रदेश की चुनौती को आगे बढ़ाते हुए ऑल इंडिया आइपीएससी बालिका शतरंज स्पर्धा में जीत के साथ अभियान प्रारंभ किया। इंदौर की टीम के लिए यशस्वी दुबे, जिनीशा चौहान और लब्धि ढ़ाबरिया ने शतरंज की बिसात पर दिमागी कौशल दिखाते हुए जीत दर्ज की।
एमरल्ड हाइट्स स्कूल परिसर में मंगलवार को स्पर्धा का शुभारंभ स्पोर्ट्स डीम सुचित मंडलोई और स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान ने चाल चलकर किया। इस स्पर्धा में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। स्पर्धा तीन आयु वर्गों अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ष समूह में खेली जाएगी।
यहां प्रदर्शन के आधार पर श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन आइपीएससी टीम में किया जाएगा। बालिका अंडर-17 आयु वर्ग में मेजबान एमरल्ड हाइट्स स्कूल ने रायपुर के राजकुमार कॉलेज की टीम को 2-1 से पराजित किया। मेजबान टीम के लिए यशस्वी दुबे, जिनीशा चौहान और लब्धि ढ़ाबरिया ने जीत हासिल की।
दिन के अन्य मैचों में दिल्ली के मॉडर्न स्कूल ने जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल को 2-1 से पराजित किया। दिल्ली की ऐशा खंडेलवाल और चाहत कोहली ने अपने मैच जीते। हैदराबाद पब्लिक स्कूल ने डीपीएस मथुरा रोड को 2-1 से हराया।
हैदराबाद की लौक्य साधिका चेवरू और तन्वी काकराला ने जीत दर्ज की। जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल ने ग्वालियर के सिंधिया कन्या विद्यालय को 3- 1 से परजित किया।
