सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

महापौर परिषद की बैठक कल, प्रस्ताव हो गए 63

निगम के अधिकारियों ने नए प्रस्ताव भी जोड़े

नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक अब कल मंगलवार को आयोजित की गई है। इस बैठक के लिए आज जारी की गई कार्य सूची में 63 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। निगम के अधिकारियों के द्वारा बड़ी संख्या में नए प्रस्ताव भी जोड़ दिए गए हैं।

महापौर परिषद की यह बैठक वैसे तो पिछले दिनों आयोजित की जाने वाली थी। बैठक के आयोजन के 1 दिन पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा बैठक में रखे गए प्रस्ताव की फाइल कंप्लीट नहीं होने और महापौर परिषद के कुछ सदस्यों के द्वारा बैठक के एजेंडा पर विचार करने और अध्ययन करने के लिए समय मांग लिए जाने के कारण इस बैठक को स्थगित कर दिया था। अब यह बैठक कल मंगलवार को आयोजित की जा रही है।

इस बैठक के लिए आज सुबह निगम के अधिकारियों के द्वारा एजेंडा जारी कर दिया गया। इस एजेंडा में 63 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। इसमें शहर में नए जेन्ट्री गेट बनाने के साथ में शहर के सभी बिजली के खंबे पर विज्ञापन के बोर्ड लगाने और शहर में 22 स्थान पर नए ट्रैफिक सिग्नल विज्ञापन के बोर्ड के साथ लगाने के प्रस्ताव शामिल है।

रणजीत हनुमान मंदिर के पास नगर निगम के द्वारा विकसित किए गए विश्रामबाग में बनाए गए स्विमिंग पूल को 15 साल के लिए ठेके पर देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी के लिए महापौर परिषद की बैठक में रखा जाएगा। इसके लिए नगर निगम के द्वारा टेंडर बुलाए जा चुके हैं। एक फर्म द्वारा 88 लाख रुपए प्रति वर्ष में इसे ठेके पर लेने का प्रस्ताव दिया गया है।

इस फर्म के द्वारा स्विमिंग पूल का संचालन करने और वहां पर तैरने के लिए आने वाले लोगों से शुल्क लेने के साथ ही वहां पर खेल से संबंधित कियोस्क का संचालन भी किया जाएगा। नगर निगम के द्वारा इंदौर शहर में निर्मित किया गया यह तीसरा ऐसा स्विमिंग पूल है जिसका संचालन शुरू करवाया जा रहा है। इसमें से एक स्विमिंग पूल नेहरू पार्क का भी नवनिर्माण के कारण बंद पड़ा हुआ है।

महापौर परिषद की इस बैठक के लिए बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए आए हैं। इसमें पूर्व में जिन लोगों को आवंटन किया गया उनका नामांतरण करने जैसे प्रस्ताव भी शामिल है। निगम की ओर से इस बैठक में शहर के कुछ प्रमुख चौराहे को विकास के लिए निजी क्षेत्र को सौंपने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।

इसमें खास तौर पर पलासिया चौराहे पर स्थित सेल्फी प्वाइंट को अखंड भारत के रूप में विकसित करने की अनुमति देने का प्रस्ताव भी शामिल है।