तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बाइक सवारमहिला की मौत, पति गंभीर।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा देशी मदिरा के साथ आरोपी धराया
मानपुर एबी रोड स्थित अजनार नदी की पुलिया के पास तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। हादसे में महिला का सिर डिवाइडर से टकराने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि पति का गंभीर हालत में महू के अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मानपुर थाना क्षेत्र में कंटेनर आरजे-32 जीसी-6077 का चालक अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान उसने ग्राम कालीकिराय निवासी रंगलाल की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत होते ही रंगलाल और पीछे बैठी उनकी पत्नी सांतूबाई सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में सांतूबाई का सिर सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गया। दोनों घायलों को तत्काल गेटवेल अस्पताल महू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सांतूबाई ने दम तोड़ दिया वहीं रंगलाल का इलाज जारी है। घटना के बाद चश्मदीद बबलू की रिपोर्ट पर मानपुर थाना पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी प्लेन मदिरा जब्त की है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, द्वारकापुरी थाना पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री और तस्करी किए जाने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिग्विजय मल्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी और संदेही गणेश उर्फ कालू पिता मनोज कदम निवासी दिग्विजय मल्टी को धरदबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 63 बल्क लीटर अवैध सफेद प्लेन देशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी कुल बाजारू कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने अवैध शराब को तुरंत जब्त करते हुए आरोपी गणेश उर्फ कालू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
