सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भाइयों के विवाद में पहली मंजिल से गिरा युवक, हालत गंभीर

आजाद नगर थाना क्षेत्र में भाइयों के बीच हुए विवाद में एक भाई पहली मंजिल की बालकनी से नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोश हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बड़े भाई के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मीना पैलेस कोहिनूर कालोनी निवासी फरियादी फरदीन पिता अकील खान ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरदीन ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश और घरेलू विवाद की बात को लेकर उसका बड़ा भाई यूसुफ खान, दूसरे भाई मंसूर खान के साथ गाली- गलौज करने लगा। विवाद मकान की पहली मंजिल पर बालकनी के पास वाले कमरे के सामने हो रहा था।

देखते ही देखते यूसुफ ने हाथ में लिए लकड़ी के डंडे से मंसूर पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब फरदीन ने बीच-बचाव किया और यूसुफ के हाथ से डंडा छीन लिया, तो गुस्साए यूसुफ ने मंसूर को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। दोनों के बीच हुई धक्का-मुक्की के दौरान वे पहली मंजिल की बालकनी के पास पहुंच गए, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से मंसूर सीधे नीचे सड़क पर जा गिरा।

ऊंचाई से गिरने के कारण मंसूर के शरीर और सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। आजाद नगर थाना पुलिस ने फरदीन के बयानों के आधार पर आरोपी यूसुफ खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।