दो साल पुराने एक्सीडेंट की बात पर विवाद
बदमाशों ने युवक को पीटा, स्कूटी में की तोड़फोड़
इंदौर। महू थाना क्षेत्र में किशनगंज रेलवे ब्रिज के पास दो साल पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। एक्सीडेंट के पुराने विवाद की बात को लेकर तीन बदमाशों ने एक युवक को रोक लिया और उसके साथ बेवजह गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोपियों ने युवक की स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिमरोल रोड निवासी फरियादी तरुण पिता राजेश कनोजिया ने महू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह किशनगंज रेलवे ब्रिज के पास स्थित महाकाल कैफे के समीप मौजूद था, तभी आरोपी सौरभ कैथवास निवासी टेलीफोन नगर, किशनगंज अपने साथी मोंटी और देव दोनों निवासी लूनियापुरा के साथ वहां आ पहुंचा। आरोपियों ने तरुण को रोक लिया और करीब दो साल पहले हुए गाड़ी के एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित ने जब बातचीत से मामला सुलझाने का प्रयास किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और गालियां देने लगे। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर तरुण के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित की स्कूटी में तोड़फोड़ कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया और जाते-जाते दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी।
