आईटी पार्क की कंपनी में विवाद, सीनियर ने कर्मचारी को गालियां देकर पीटा
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित आईटी पार्क में एक कंपनी के भीतर कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। काम खत्म होने के बाद खड़े रहने जैसी मामूली बात पर सीनियर टीम लीडर ने कर्मचारी से अभद्रता करते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपी के हाथ में पहने कड़े से पीड़ित कर्मचारी के सिर और माथे पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी टीम लीडर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंदन नगर पुलिस के अनुसार, त्रषि पैलेस निवासी फरियादी सचिन पिता विजय सिंह परिहार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित सचिन सिंहासा स्थित आईटी पार्क की अपॉल्टो इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसकी कंपनी से छुट्टी होने वाली थी और वह हाथ धोकर खड़ा था। इसी दौरान कंपनी का टीम लीडर जय सिंह उसके पास आया और वहां खड़े रहने का कारण पूछने लगा।
सचिन ने जब बताया कि उसका काम खत्म हो चुका है और छुट्टी का समय होने के कारण वह खड़ा है, तो आरोपी जय सिंह भड़क गया और सीनियर होने का रोब झाड़ते हुए मुंह न लड़ाने की बात कहकर गालियां देने लगा। जब पीड़ित ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपी जय सिंह ने आपा खो दिया और सचिन के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान जय सिंह के हाथ में पहने कड़े से सचिन के सिर और दाहिनी तरफ माथे पर चोट लग गई।
