बुजुर्ग का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 95 हजार
इंदौर। साइबर अपराधियों ने अब बुजुर्गों को अपना सॉफ्ट टारगेट बनाना शुरू कर दिया है। किशनगंज थाना क्षेत्र में एक 78 वर्षीय बुजुर्ग को जाल में फंसाकर शातिर ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब 95 हजार 498 उड़ा दिए। पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी की यह घटना किशनगंज निवासी मुरारीलाल पिता बाबूलाल पांचाल के साथ हुई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई की सुबह अज्ञात अपराधियों ने तकनीकी हथकंडे अपनाकर उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। मोबाइल पर नियंत्रण हासिल करते ही ठगों ने उनके बैंक खाते का रुख किया और एक ही झटके में 95 हजार की अवैध निकासी कर ली। पैसे कटने के बाद बुजुर्ग को जब ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
हेल्पलाइन से मिले इनपुट के आधार पर मामला अब किशनगंज पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस टीम तकनीकी आधार पर जांच कर रही है कि आखिर किस तरह से मोबाइल हैक किया गया और यह राशि किस खाते में ट्रांसफर की गई है। पुलिस अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से आरोपियों के आईपी एड्रेस और वॉलेट डिटेल्स को ट्रैक कर रही है।
