स्कीम नं. 140 के रहवासियों ने दिया पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन
कमर्शियल दुकानों एवं फूड जोन में देर रात तक की गतिविधियों से परेशानी
आनंदवन-2, स्कीम नंबर 140 के रहवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने महेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से मुलाकात कर सोसाइटी परिसर में स्थित कमर्शियल दुकानों एवं फूड जोन में देर रात तक होने वाली गतिविधियों से रहवासियों को हो रही परेशानी को लेकर आवेदन दिया। रहवासियों ने बताया कि कुछ दुकानें रात करीब 3 बजे तक संचालित रहती हैं। रात 12 बजे के बाद बच्चे व अन्य लोग जन्मदिन मनाने के लिए एकत्रित होते हैं, पटाखे छोड़ते हैं और नशा भी करते हैं।
इससे रहवासियों की निजी जिंदगी प्रभावित होने के साथ ही देर रात तक शोर-शराबे के कारण उनकी नींद भी पूरी नहीं हो पाती। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल एसीपी आशीष पटेल को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद एसीपी पटेल रात करीब 8 बजे तिलकनगर थाना प्रभारी मनीष लोधा के साथ आनंदवन-2 पहुंचे।
उन्होंने रहवासियों एवं दुकानदार संचालकों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान निकाला। इस दौरान सोसाइटी अध्यक्ष गजेंद्र कदम एवं सचिव आदित्य दिसवाल भी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदार संचालकों को रात 11:30 बजे तक अपना कारोबार बंद करने के निर्देश दिए।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से रहवासियों ने राहत व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार माना।
