निगम में गणेशजी को गाजा-बाजा के साथ लाएंगे
एमआईसी सदस्य पहाड़िया ने ली बैठक, झांकी भी सजाएंगे कर्मचारी नेता ने कहा कर्मचारियों से भी लेना चाहिए सहयोग
नगर निगम में गणेश चतुर्थी पर गणेशजी की स्थापना की जाएगी। स्थापना और गणेशजी को लाने के लिए निगम गणेशोत्सव समिति की बैठक महापौर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्सव प्रभारी एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाडिया ने की।
यह तय हुआ कि राजबाडा से निगम प्रांगण तक गणेशजी की प्रतिमा के साथ जुलूस निकाला जाएगा। गणेशजी की मूर्ति जहां विराजित होगी वहां झांकी भी सजाई जाएगी। जुलूस में बैण्ड बाजा और आर्केस्ट्रा भी रहेगा। निगम में गणेशजी की मूर्ति जहां स्थापित होगी वहां भी झांकी सजाई जाएगी।
रोजाना पूजन, आरती की जाएगी। गणेशजी के चल समारोह, स्थापना के अलावा इस बैठक में अनंत चतुर्दशी के दौरान निकलने वाले चल समारोह में निगम झांकी के साथ की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओ के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों द्वारा श्रीगणेश उत्सव कार्यक्रमों के संबंध में भी अपने सुझाव दिए गए।
पूर्व पार्षद महेश गौहर ने कहा कि सभी कर्मचारियों से आर्थिक सहयोग लेना चाहिए, हम पूर्व में गणेशोत्सव में पार्षदों से भी आर्थिक सहयोग लेते थे। इस दौरान संगीता जोशी, महेश गौहर, बाबूलाल सिरसिया, हरीश नागर, विक्की करोसिया, बबल वेद, मधुसूदन तिवारी एवं अधिकारी अभय राजनगांवकर, राजेन्द्र गैरोठिया, प्रदीप दुबे मौजूद रहे।
