सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भैंस की 10 हजार की मधारी के विवाद में बुजुर्ग की हˆया

बचाने आए बेटे पर भी जानलेवा हमला

गौतमपुरा थाना इलाके के एक गांव में मामूली रकम के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद खूनी रंजिश में बदल गया। बेची गई भैंस के महज 10 हजार रुपये के बकाया को लेकर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक बुजुर्ग पर लोहे की रॉड, डंडों और पत्थरों से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बीच- बचाव करने और पिता को बचाने दौड़े बेटे को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

पुलिस ने महिला समेत आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हाजी यूनुस पटेल (56) का गांव के ही अल्लानूर पटेल से भैंस के बकाया 10 हजार रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। बीती सुबह करीब जब हाजी यूनुस अल्लानूर के घर के पास से गुजर रहे थे, तभी अल्लानूर, उसकी पत्नी रईसा बी और बेटा शेखर उन्हें रोककर गाली-गलौज करने लगे।

इसी बीच उनके परिवार के अन्य सदस्य इमरान, अजबनूर, अफसर, इजराल और भूरा पटेल भी लोहे की रॉड और डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। विवाद की खबर मिलते ही यूनुस का बेटा अशफाक अपने भाई जुबेर के साथ पिता को बचाने मौके पर पहुंचा। लेकिन तब तक बेकाबू आरोपियों ने हाजी यूनुस पर हथियारों से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए थे।

जब अशफाक ने पिता को बचाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उस पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग हाजी यूनुस लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद रईसा बी और अल्लानूर समेत सभी आठों आरोपी मौके से फरार हो गए। गौतमपुरा पुलिस ने फरियादी सादिक पटेल और घायल अशफाक पटेल के बयानों के आधार पर आठों आरोपियों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है।